फर्रुखाबाद में सिविल डिफेन्स द्वारा ब्लैक-आउट मॉक एक्सरसाइज का आयोजन, जनता से सहयोग की अपील

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 जनवरी 2026 हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सिविल डिफेन्स, फर्रुखाबाद द्वारा आज सायं 06:00 बजे से 06:02 बजे तक ब्लैक-आउट एक्सरसाइज आयोजित की जा रही है। यह अभ्यास अग्निशमन केन्द्र परिसर एवं उसके आस-पास के क्षेत्र में किया जाएगा।

ब्लैक-आउट का आशय है—आपात स्थिति में शत्रु विमानों को लक्ष्य पहचानने से रोकने के लिए विद्युत आपूर्ति बंद रखना तथा प्रकाश प्रतिबंध लागू करना। इस अभ्यास के दौरान बचाव से संबंधित विभिन्न आपातकालीन विधियों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

सिविल डिफेन्स प्रशासन द्वारा क्षेत्र के समस्त प्रतिष्ठानों, दुकानों, कार्यालयों एवं आम नागरिकों से अपील की गई है कि निर्धारित समयावधि में अपने घरों व प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें बंद रखें, ताकि बाहर किसी प्रकार का प्रकाश दिखाई न दे।

ब्लैक-आउट के दौरान क्या करें (WHAT TO DO IN BLACK-OUT)

कृपया अपने घरों में ही रहें। सभी प्रकार की लाइटें बंद कर दें।

माचिस, टॉर्च, फ्लैश लाइट अथवा किसी भी प्रकार के प्रकाश स्रोत का प्रयोग न करें। यदि कहीं से रोशनी बाहर जा रही हो तो काले कागज या कपड़े से उसे ढक दें। सावधानी से चलें, दौड़ें नहीं। धूम्रपान न करें। मोबाइल फोन की फ्लैश लाइट का प्रयोग न करें।

अवगत रहें कि यह ब्लैक-आउट सिविल डिफेन्स फर्रुखाबाद के वार्डनों की सहायता से लागू किया जा रहा है। भविष्य में युद्ध या हवाई हमले जैसी विषम परिस्थितियों से निपटने के लिए इस अभ्यास को गंभीरता से लें और पूर्ण सहयोग करें।

जिलाधिकारी फर्रुखाबाद द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे अनुशासन, संयम एवं जागरूकता के साथ इस ब्लैक-आउट मॉक ड्रिल में भाग लें, ताकि आपात स्थितियों में जिले की तैयारी को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।