फर्रुखाबाद:म्युनिसिपल इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा जागरूकता प्रतियोगिताएं संपन्न

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 जनवरी 2026 म्युनिसिपल इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में माध्यमिक स्तर की जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा जागरूकता प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) फर्रुखाबाद सुभाष राजपूत एवं जिला विद्यालय निरीक्षक फर्रुखाबाद नरेंद्र पाल सिंह के निर्देशन में आयोजित हुआ। प्रतियोगिताओं का आयोजन विद्यालय के प्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट गिरिजाशंकर द्वारा कराया गया, जबकि मंच संचालन विद्यालय के शिक्षक डॉ. दिनेश चंद्रा ने किया।

कार्यक्रम में जनपद भर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं की शुरुआत प्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट गिरिजाशंकर द्वारा की गई। छात्र-छात्राओं ने सड़क सुरक्षा जागरूकता विषय पर पोस्टर, भाषण एवं लघु नाटिका प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मकता और सामाजिक चेतना का परिचय दिया।

जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत मुख्य अतिथि एवं मुख्य निर्णायक के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं का शुभारंभ प्रातः 11 बजे मुख्य अतिथि एवं निर्णायक मंडल द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

भाषण प्रतियोगिता में रखा बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़ की आयशा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, दयानंद इंटर कॉलेज अमृतपुर की पल्लवी अग्निहोत्री द्वितीय तथा के.आर.आर. रस्तोगी इंटर कॉलेज फर्रुखाबाद के सक्षम पांडेय तृतीय स्थान पर रहे।

चित्रकला प्रतियोगिता में नारायण आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज फर्रुखाबाद की ललिता कुशवाहा प्रथम, डीपीएस इंटर कॉलेज मूसाखिरिया की जैनब द्वितीय एवं मदन मोहन कनोडिया बालिका इंटर कॉलेज फर्रुखाबाद की कुमारी जेसिका तृतीय स्थान पर रहीं।

लघु नाटिका प्रतियोगिता में नारायण आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज फर्रुखाबाद की नव्या, सृष्टि मिश्रा एवं वैष्णवी की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान म्युनिसिपल इंटर कॉलेज फतेहगढ़ के हर्षवर्धन, आलोक सिंह चौहान, सूरज एवं वंश की टीम को मिला, जबकि डीपीएस इंटर कॉलेज मूसाखिरिया के प्रशांत, आयुष एवं सोनी की टीम तृतीय स्थान पर रही।

इन तीनों प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को दिनांक 31 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पुरस्कृत किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट गिरिजाशंकर ने सभी प्रतिभागी एवं विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुभाष राजपूत ने सभी विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने एवं सड़क सुरक्षा के प्रति समाज को जागरूक करने की अपील की।

निर्णायक मंडल में मा. कांशीराम राजकीय महाविद्यालय निनौआ की प्रोफेसर डॉ. शालिनी सिंह, रखा बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़ की प्रधानाचार्या डॉ. नीतू मसीह तथा डीपीएस इंटर कॉलेज मूसाखिरिया की कला अध्यापिका श्रीमती राधा कटियार शामिल रहीं। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक मयंक रस्तोगी, अशोक कुमार कठेरिया, प्रदीप कुमार जायसवाल, अरविंद कुमार, विश्व प्रकाश, सत्येंद्र सिंह सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।