फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 जनवरी 2026 उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम-युवा) को मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है। यह महत्वाकांक्षी योजना सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग, उत्तर प्रदेश के माध्यम से लागू की जा रही है, जिसका उद्देश्य प्रदेश के युवाओं की असीम क्षमता को उद्यमिता से जोड़ना है।
योजना का मूल मंत्र है —
“हर कदम उद्यमिता की ओर, हर युवा आत्मनिर्भरता की ओर।”
योजना का उद्देश्य
सीएम-युवा अभियान के अंतर्गत प्रत्येक वर्ष सूक्ष्म उत्पादन एवं सेवा क्षेत्र की 1 लाख इकाइयों की स्थापना कर युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। अगले 10 वर्षों में कुल 10 लाख युवाओं को स्वरोजगार युक्त बनाने की योजना है।
योजना की मुख्य विशेषताएं
इस योजना के तहत कौशल प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को उत्पाद एवं सेवा आधारित उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
प्रथम चरण:
₹5.00 लाख तक की परियोजनाओं के लिए 4 वर्षों तक 100 प्रतिशत ब्याज मुक्त एवं गारंटी मुक्त ऋण।
सामान्य वर्ग को 15%, ओबीसी को 12.5% तथा एससी/एसटी/दिव्यांग एवं आकांक्षात्मक जिलों के लाभार्थियों को 10% स्वयं का अंशदान।
परियोजना लागत पर 10 प्रतिशत मार्जिन मनी अनुदान एवं 4 वर्षों तक सीजीटीएमएसई प्रतिपूर्ति।
द्वितीय चरण:
प्रथम चरण का ऋण सफलतापूर्वक चुकाने वाले अभ्यर्थी पात्र होंगे।
₹10.00 लाख तक की परियोजना स्थापना, जिसमें ₹7.5 लाख तक के ऋण पर 3 वर्षों तक 50 प्रतिशत ब्याज अनुदान।
3 वर्षों तक सीजीटीएमएसई कवरेज की सुविधा।
पात्रता की शर्तें
आयु सीमा: 21 से 40 वर्ष
न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता: कक्षा 8 उत्तीर्ण (इंटरमीडिएट को वरीयता)
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, ओडीओपी, यूपी कौशल विकास मिशन या मान्यता प्राप्त संस्थान से कौशल प्रमाणपत्र/डिग्री/डिप्लोमा धारक युवा पात्र।
आवेदन प्रक्रिया
योजना के लिए इच्छुक युवा एमएसएमई पोर्टल
👉 https://msme.up.gov.in
या
👉 https://cmyuva.iid.org.in/home
पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों का परीक्षण जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र द्वारा कर बैंकों को प्रेषित किया जाता है, जहां से समयबद्ध ऋण स्वीकृति एवं वितरण की व्यवस्था होती है।
उद्योग एवं व्यवसाय के अवसर
योजना के अंतर्गत मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर में अनेक बिजनेस मॉडल उपलब्ध हैं, जिनमें प्रमुख रूप से फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, हेल्थ केयर, एग्री बिजनेस, रिन्यूएबल एनर्जी, ऑटोमोबाइल, होम केयर प्रोडक्ट, पर्सनल केयर, केमिकल, ग्रेन मिलिंग, प्रिंटिंग, वुड प्रोडक्ट्स सहित कई क्षेत्र शामिल हैं।
संपर्क एवं जानकारी
योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवेदन हेतु इच्छुक अभ्यर्थी जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, ठंडी सड़क, फर्रुखाबाद से संपर्क कर सकते हैं।
ई-मेल: cmmyuva@gmail.com
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान प्रदेश के युवाओं के लिए न केवल रोजगार का साधन बन रहा है, बल्कि उन्हें रोजगार देने वाला उद्यमी बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रहा है।
