फर्रुखाबाद:मणिकर्णिका घाट पर मंदिर ध्वस्तीकरण के विरोध में आम आदमी पार्टी का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 जनवरी 2026 काशी के ऐतिहासिक मणिकर्णिका घाट पर प्राचीन मंदिरों को तोड़े जाने के विरोध में मंगलवार को आम आदमी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के लगभग सभी जिलों में जिला कलेक्ट्रेट पर एक साथ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के निर्देशन में किया गया। पार्टी ने इस कार्रवाई को हिंदू आस्था, सनातन संस्कृति और परंपरा पर भाजपा सरकार का सीधा हमला बताया।

आम आदमी पार्टी ने कहा कि मणिकर्णिका घाट केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि हिंदू धर्म की आत्मा और मोक्ष से जुड़ी सदियों पुरानी आस्था का केंद्र है। ऐसे पवित्र स्थल पर स्थित प्राचीन मंदिरों का ध्वस्तीकरण न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करता है, बल्कि भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को भी नष्ट करने का प्रयास है। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विकास के नाम पर इतिहास और परंपरा को मिटाने का कार्य कर रही है।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि यह सब किसी विदेशी आक्रांता के शासन में नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र काशी में हो रहा है, जो बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। आम आदमी पार्टी ने इस मुद्दे पर महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

जिलाध्यक्ष इंजीनियर नीरज प्रताप शाक्य ने कहा कि मणिकर्णिका घाट पर प्राचीन मंदिरों को तोड़ना हिंदू समाज की आस्था पर सीधा हमला है। भाजपा चुनाव के समय मंदिर और धर्म की राजनीति करती है, लेकिन सत्ता में आने के बाद वही सरकार मंदिरों पर बुलडोज़र चलवाती है। उन्होंने कहा कि महारानी अहिल्याबाई होल्कर की मूर्ति, शिवलिंग और अनेक प्राचीन मूर्तियों को क्षतिग्रस्त किया जाना हमारी सांस्कृतिक धरोहर को समाप्त करने का कुत्सित प्रयास है।

उन्होंने आगे कहा कि विकास का अर्थ यह नहीं होता कि हजारों वर्षों पुरानी धार्मिक आस्था और परंपरा को मिटा दिया जाए। भाजपा सरकार काशी की धार्मिक पहचान और आत्मा को नष्ट कर रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम आदमी पार्टी इस मुद्दे पर जनता की आवाज़ बनकर आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।

प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रपति को सौंपे गए ज्ञापन में आम आदमी पार्टी ने मांग की कि मणिकर्णिका घाट पर तोड़े गए सभी प्राचीन मंदिरों का तत्काल पुनर्निर्माण कराया जाए, मंदिर ध्वस्तीकरण के आदेश देने वाले अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में किसी भी धार्मिक स्थल के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष नवीन कुमार शाक्य, जगतपाल सिंह, ASAP जिला अध्यक्ष रवि शर्मा, आर्यन शर्मा, जिला सचिव साहब सिंह शाक्य, विधानसभा अध्यक्ष विक्रम सिंह, आईटी सेल प्रभारी अंकित शाक्य, युवा जिला अध्यक्ष राघवेंद्र यादव, एडवोकेट अचल प्रताप सिंह, एडवोकेट रवनेश सिंह, एडवोकेट आदित्य शाक्य, एडवोकेट लकी यादव, एडवोकेट गोविंद सागर, अजय प्रताप सिंह, राम प्रकाश गौतम सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।