‘धुरंधर’ की सुनामी में बर्बाद हो गए ये फिल्म मेकर्स

रणवीर सिंह स्टारर और आदित्य धर निर्देशित ‘धुरंधर’ ने पिछले साल 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी. रिलीज से पहले से फिल्म विवादों में भी फंस गई थी लेकिन बड़े पर्दे पर आने के बाद ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ऐसी सुनामी लाई कि फिर कोई भी फिल्म इसके आगे नहीं टिक पाई. ‘धुरंधर’ पिछले 43 दिनों से बॉक्स ऑफिस पर जमी हुई है इस बीच इसने कई नई फिल्मों को मिट्टी में मिला दिया है. चलिए यहां जानते हैं ‘धुरंधर’ की सुनामी की वजह से बॉक्स ऑफिस पर किन फिल्मों का बुरा हाल हुआ हुआ है.

‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर महा ब्लॉकबस्टर साबित हो चुकी है. इस फिल्म ने रिलीज के 43 दिनों में घरेलू बाजार में 818. 35 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है. इसी के साथ ये बॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है. वहीं वर्ल्डवाइड इस फिल्म ने 1275 करोड़ की कमाई की है.

‘धुरंधर’ के तूफान के बीच कपिल शर्मा की ‘किस किस को प्यार करूं 2’ ने रिलीज होने की हिमाकत की और ये बॉक्स ऑफिस पर न केवल बुरी तरह पिटी बल्कि मेकर्स के लिए भी बड़े घाटे का सौदा साबित हुई. ‘किस किसको प्यार करूं 2’ ने पहले हफ्ते में 11.50 करोड़ रुपये थे. वहीं दूसरे वीक में इसकी कमाई महज 1.35 करोड़ रुपये रही. इसी के साथ इसका भारत में नेट कलेक्शन 12.85 करोड़ रुपये रहा जबकि ग्रॉस कलेक्शन 15.15 करोड़ रुपये रहा. बता दें कि इस फिल्म का बजट 30 से 35 करोड रुपये है. ऐसे में ये अपनी आधी लागत भी वसूल नहीं पाई.

‘धुरंधर’ के आगे कार्ति आर्यन और अनन्या पांडे स्टारर ‘तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी’ भी सनेमाघरों में पहुंची थी. फिल्म से उम्मदी थी कि ये अच्छा परफॉर्म करेगी लेकिन ये भी मेकर्स के लिए तगड़े नुकसान वाली फिल्म ही साबित हुई. दरअसल ‘धुरंधर’ के आगे दर्शकों ने ‘तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी’ को भाव नहीं दिया और इसी के साथ ये भी बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही. इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 49 करोड़ रुपये की लाइफटाइम कमाई की है. जिसमें 39 करोड़ रुपये इसने (नेट कमाई 32.50 करोड़ रुपये) घरेलू बाजार से और 10 करोड़ रुपये (11 लाख अमेरिकी डॉलर) वर्ल्डवाइड कमाए हैं. इस फिल्म के पिटने से मेकर्स को 100 करोड़ का नुकसान उठाना पड़ा है.

एक जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में अगस्त्य नंदा और दिवंगत दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की फिल्म ‘इक्कीस’ रिलीज हुई थी, ‘इक्कीस’ का काफी बज बना हुआ था जिसे देखते हुए लग रहा था कि ये तो बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म करेगी. हालांकि अच्छी शुरुआत के बावजूद ये फिल्म भी ‘धुरंधर’ की सुनामी में बह गई, रिलीज के 15 दिनों में इस फिल्म ने भारत में 30.6 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है. वहीं इसका ग्रॉस कलेक्शन 36.8 करोड़ रुपये है जबकि ओवरसीज से इसने 3.5 करोड़ कमाए हैं.

इनके अलावा धुरंधर के तूफान के आगे प्रभास की हालिया रिलीज द राजा साब भी फीकी साबित हुई है. द राजा साब 300 करोड़ के बजट में बनी है और रिलीज के 8 दिन बाद भी ये 150 करोड़ भी नहीं कमा पाई है. ऐसे में इस फिल्म ने तो मेकर्स को कंगाल ही कर दिया है. वहीं इस शुक्रवार को रिलीज राहु केतु और हैप्पी पटेल खतरनाक जासूस भी 43 दिन पुरानी धुरंधर से मात खा गई. जहां राहु केतु ने 1 करोड़ और हैप्पी पटेल ने 1.25 करोड़ कमाए तो वहीं 43वें दिन भी धुरंधर ने इन दोनों फिल्मों से ज्यादा 1.65 करोड़ का कलेक्शन किया है.