फर्रुखाबाद:मकर संक्रांति पर फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रणविजय सिंह ने ग्राम प्रहरियों को बांटे कंबल।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 जनवरी 2026 मकर संक्रांति के पावन अवसर पर फतेहगढ़ कोतवाली परिसर में ग्राम प्रहरियों के सम्मान एवं सहयोग को प्रोत्साहित करने हेतु कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रणविजय सिंह एवं क्राइम इंस्पेक्टर तेज सिंह द्वारा ग्राम प्रहरियों एवं चौकीदारों को कुल 15 कंबल वितरित किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी निरीक्षक रणविजय सिंह ने ग्राम प्रहरियों को पुलिस विभाग की रीढ़ की हड्डी बताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरियों के सतर्क और सक्रिय सहयोग से अपराधों पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है।

प्रभारी निरीक्षक ने ग्राम प्रहरियों से अपील की कि वे गांव-देहात में होने वाली प्रत्येक छोटी-बड़ी गतिविधि एवं अवैध कार्यों की सूचना समय रहते पुलिस को दें, ताकि घटनाओं को प्रारंभिक स्तर पर ही रोका जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस विभाग द्वारा समय-समय पर ग्राम प्रहरियों के योगदान को सम्मानित किया जाता रहेगा।

इस अवसर पर सभी ग्राम प्रहरियों ने अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ निभाने की शपथ ली तथा पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में क्राइम इंस्पेक्टर तेज सिंह, उपनिरीक्षक राममोहन सिंह, मालखाना इंचार्ज कुलदीप सिंह, हेड कांस्टेबल देवेंद्र जादौन, नीरज सिंह, रामशरण यादव सहित कोतवाली फतेहगढ़ का अन्य पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।