फर्रुखाबाद:निर्वाचक नामावलियों के प्रगाढ़ पुनरीक्षण को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के साथ बैठक संपन्न

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 जनवरी 2026 भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के प्रगाढ़ पुनरीक्षण के संबंध में आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक पूर्वान्ह 10:30 बजे प्रारंभ हुई।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्री रजनी कान्त सहित समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी एवं सीपीआई (एम) के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

आलेख्य प्रकाशन एवं पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी

बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आलेख्य प्रकाशन की विस्तृत जानकारी दी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन दिनांक 06 जनवरी 2026 से प्रारंभ हो चुका है।

18 जनवरी को बूथ स्तर पर नामावली पठन

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों को ग्राम सभा एवं वार्ड कमेटी की बैठकों में प्रत्येक बूथ पर बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा पढ़े जाने का कार्यक्रम पुनः दिनांक 18 जनवरी 2026 (रविवार) को निर्धारित किया गया है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अनुरोध किया कि इस प्रक्रिया के दौरान अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट की सहभागिता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें, ताकि पारदर्शिता और सहभागिता बनी रहे।

नोटिस सुनवाई एवं अधिकारियों की तैनाती

उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र अनमैप्ड या गलत मैपिंग पाए गए हैं, उनके लिए नोटिस की प्रिंटिंग का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

नोटिस की सुनवाई के लिए जनपद में विधानसभा क्षेत्रवार सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं अतिरिक्त अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसमें 192-कायमगंज के लिए 25, 193-अमृतपुर के लिए 23, 194-फर्रुखाबाद के लिए 29 तथा 195-भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए 29 अधिकारी नामित किए गए हैं। संबंधित मतदेय स्थल संख्या एवं सुनवाई स्थलों की सूची भी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई गई।

नागरिकता एवं जन्म संबंधी अभिलेखों की जानकारी

बैठक में मतदाताओं से मांगे जाने वाले अभिलेखों की विस्तृत जानकारी दी गई। जन्म तिथि एवं जन्म स्थान के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी साझा की गई। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अधिसूचित दस्तावेजों की सांकेतिक सूची भी प्रस्तुत की गई, जिसमें जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, शैक्षिक प्रमाण पत्र, स्थायी निवासी प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर, भूमि/मकान आवंटन प्रमाण पत्र आदि शामिल हैं।

नए मतदाताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जो पात्र मतदाता 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं और जिनका नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं है, वे फार्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ आवश्यक अभिलेख, रंगीन फोटो एवं घोषणा पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी मतदाता का नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज पाया गया या उसने एक से अधिक गणना प्रपत्र भरे, तो उसके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई हो सकती है।

सहयोग की अपील और बैठक का समापन

अंत में जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि 18 जनवरी 2026 को होने वाले बूथ स्तर के कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग प्रदान करें और अपने बूथ लेवल एजेंटों की उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक के समापन की घोषणा की।

यह बैठक आगामी निर्वाचक सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को पारदर्शी, सुदृढ़ और निष्पक्ष बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।