फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 जनवरी 2026 जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार में आज जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आर-सेटी (RSETI) की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आर-सेटी से संबंधित प्रशिक्षण, ऋण वितरण एवं रोजगार सृजन की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में अवगत कराया गया कि कुल 227 आवेदनों में से 64 आवेदन स्वीकृत, 58 लाभार्थियों को ऋण वितरित, 123 आवेदन अस्वीकृत तथा 40 आवेदन लंबित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि अस्वीकृत आवेदनों के कारणों की स्पष्ट जानकारी दी जाए और संबंधित आवेदकों को भी कारणों से अवगत कराया जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी पूछा कि पिछले तीन वर्षों में जिन व्यक्तियों को प्रशिक्षण दिया गया, क्या प्रशिक्षण का उद्देश्य पूर्ण हुआ या नहीं, और यदि उद्देश्य पूर्ण नहीं हुआ तो इसके पीछे क्या कारण रहे। अधिकारियों को इस पर गंभीरता से समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जानकारी दी गई कि 31 मार्च 2025 तक कुल 8121 व्यक्तियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है, जिनमें से 5785 प्रशिक्षण प्राप्त व्यक्तियों को रोजगार से जोड़ा गया है। वहीं 2404 व्यक्तियों ने बैंक ऋण लेकर अपना स्वयं का कार्य स्थापित किया है।
वर्ष 2024-25 में आर-सेटी द्वारा 900 प्रशिक्षणार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके सापेक्ष 903 अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इनमें 757 महिलाएं एवं 770 बीपीएल श्रेणी से संबंधित प्रशिक्षणार्थी शामिल रहे, जिसे जिलाधिकारी ने सराहनीय उपलब्धि बताया।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अगली आर-सेटी बैठक में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को भी अनिवार्य रूप से सम्मिलित किया जाए, ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने अपने-अपने विभागों से संबंधित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
