फर्रुखाबाद में ‘राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान 2.0’ के तहत मध्यस्थों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 जनवरी 2026 राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार सम्पूर्ण देश में दिनांक 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक “राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान 2.0” चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद के तत्वावधान में आज एडीआर भवन में मध्यस्थों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक की अध्यक्षता श्री अभिनितम उपाध्याय, विशेष न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी (राष्ट्रीय लोक अदालत), फर्रुखाबाद ने की। बैठक का संचालन अपर जिला जज/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद द्वारा किया गया।

बैठक में नोडल अधिकारी द्वारा उपस्थित मध्यस्थगण को अभियान को सफल बनाने हेतु अधिक से अधिक लम्बित एवं प्री-लिटीगेशन मामलों का निस्तारण सन्धि एवं मध्यस्थता के माध्यम से किए जाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही विभिन्न न्यायालयों से अपेक्षा की गई कि वे अधिकाधिक मामलों को मध्यस्थता केन्द्र को सन्दर्भित करें। इस संबंध में सचिव महोदय को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए गए।

बताया गया कि वर्तमान में मध्यस्थता एवं सुलह-समझौता केन्द्र में 198 मामले लम्बित हैं, जिनका निस्तारण इसी अभियान के अंतर्गत किए जाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

समीक्षा बैठक में श्री प्रमेश चन्द्र सक्सेना, श्री प्रभाशंकर औदीच्य, श्रीमती उमा मिश्रा, सुश्री राजरानी श्रीवास्तव, सुश्री गजाला तबस्सुम, श्रीमती स्नेहलता शाक्य, श्री सतीश कुमार, श्रीमती अजिता मिश्रा, श्री नन्दकिशोर दीक्षित, श्री समीर राजा, श्री विनीत कुमार कटियार, श्री आलोक कुमार त्रिपाठी, श्री आनन्द यादव, श्री खुशनवाज खान, श्री सगीर अहमद खाँ, श्री धमेन्द्र सिंह एवं श्री योगेन्द्र सिंह यादव सहित अन्य मध्यस्थगण उपस्थित रहे।

इस अभियान के माध्यम से त्वरित, सरल एवं सौहार्दपूर्ण न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।