फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 जनवरी 2026 मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर 14 जनवरी 2026 को जनपद फतेहगढ़ के प्रमुख गंगा घाटों—पांचाल घाट, बरगदिया घाट, श्रृंगीरामपुर घाट एवं ढाईघाट—पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मालवाहक वाहनों के लिए रूट डायवर्जन एवं प्रतिबंध लागू किए हैं।
पुलिस प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, भारी मालवाहक वाहन (ट्रक, टैंकर, डीसीएम, डम्फर, लोडर आदि) दिनांक 13 जनवरी 2026 की रात्रि 08:00 बजे से 14 जनवरी 2026 को स्नान/भीड़ समाप्ति तक जनपद की ओर प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
इस दौरान निम्नलिखित रूट डायवर्जन प्रभावी रहेगा—
डायवर्जन विवरण इस प्रकार हैः
कन्नौज–कानपुर मार्ग से फतेहगढ़ की ओर आने वाले मालवाहक वाहनों को गुरसहायगंज से छिबरामऊ की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
छिबरामऊ मार्ग से जहानगंज होते हुए फतेहगढ़ आने वाले वाहनों को छिबरामऊ से बेवर (जनपद मैनपुरी) की ओर मोड़ा जाएगा।
मैनपुरी (बेवर) मार्ग से फतेहगढ़ आने वाले समस्त मालवाहक वाहनों को बेवर में ही रोका जाएगा।
एटा मार्ग से फतेहगढ़ की ओर आने वाले वाहनों को बिराहिमपुर अलीगंज बॉर्डर (एटा) पर रोका जाएगा।
शाहजहाँपुर/बरेली मार्ग से आने वाले मालवाहक वाहनों को थाना अल्लागंज, हुल्लापुर एवं जरियनपुर चौराहा (जनपद शाहजहाँपुर) पर रोका जाएगा। वहीं ढाईघाट शमसाबाद की ओर आने वाले वाहनों को भी जरियनपुर में ही प्रतिबंधित किया जाएगा।
हरदोई मार्ग से फतेहगढ़ आने वाले मालवाहक वाहनों को रूपापुर (थाना सवायजपुर) में रोका जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए जारी डायवर्जन प्लान का पालन करें तथा यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व वैकल्पिक मार्गों का चयन करें।
प्रशासन द्वारा मकर संक्रांति स्नान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने हेतु व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के इंतज़ाम किए गए हैं।
आपात स्थिति में सहायता के लिए डायल करें – यूपी 112
