फर्रुखाबाद में एनकार्ड बैठक सम्पन्न, नशा मुक्ति, आवास व आयुष्मान कार्ड पर डीएम सख्त

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 जनवरी 2026 कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में एनकार्ड (N-CORD) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नशा मुक्ति, मुख्यमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत योजना की

प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में आबकारी अधिकारी ने जानकारी दी कि फर्रुखाबाद से सटे जिलों में अफीम की खेती की जाती है, लेकिन फर्रुखाबाद जनपद में अफीम की खेती नहीं होती। इस पर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वयं नशा न करने तथा युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने की शपथ दिलाई।

मुख्यमंत्री आवास योजना पर विशेष निर्देश

एक अन्य बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि केवल पात्र व्यक्तियों को ही आवास आवंटित किया जाए और किसी भी स्तर पर त्रुटि न हो, ताकि भविष्य में कोई विवाद या समस्या उत्पन्न न हो।

बताया गया कि सर्वे में 27,200 व्यक्ति पात्र पाए गए, जिनमें से 12,200 व्यक्ति स्वयं घोषित पात्र हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अब तक 147 पात्र लाभार्थियों का चयन किया जा चुका है।

आयुष्मान कार्ड की धीमी प्रगति पर नाराजगी

बैठक में आयुष्मान भारत योजना की प्रगति पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। बताया गया कि पोर्टल पर 69 आईडी मौजूद हैं, लेकिन वे आयुष्मान कार्ड निर्माण में सक्रिय नहीं हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि एक एएनएम आठ गांवों पर नियुक्त होती है, ऐसे में आयुष्मान कार्ड निर्माण की जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से तय की जाए।

आशा, एएनएम, सीएचओ, संगिनी सहित लगभग 500 स्वास्थ्य कर्मी आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए नियुक्त हैं, इसके बावजूद अपेक्षित संख्या में कार्ड नहीं बनाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति स्वयं ऑनलाइन आयुष्मान कार्ड बना सकते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि गरीबी के कारण कई गरीब परिवार बीमारी की स्थिति में अपने बुजुर्ग माता-पिता को छोड़ देते हैं, लेकिन आयुष्मान कार्ड बनने से यह समस्या समाप्त हो सकती है।

इस स्थिति में सुधार न होने पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सीएमओ एवं एसीएमओ अपने समस्त संबंधित स्टाफ के साथ प्रतिदिन बैठक में उपस्थित होकर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे और इसकी नियमित समीक्षा की जाएगी।

राष्ट्रीय युवा दिवस पर स्वामी विवेकानंद को किया नमन

आज स्वामी विवेकानंद जी के जन्मदिवस को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद हमारे प्रेरणा स्रोत हैं।

उन्होंने कहा कि “हमारी संस्कृति विलक्षण है, हमने कभी किसी को नहीं लूटा। ‘वसुधैव कुटुंबकम’ हमारी पहचान है। विवेकानंद जी ने कहा था—भारतीयों जागो, अपनी प्रतिभा को पहचानो। जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं सभ्यता प्रगति करती है।”

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने जिलाधिकारी को स्वामी विवेकानंद की एक पुस्तक भेंट की।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।