फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 जनवरी 2026 जनपद के विकास खण्ड नवाबगंज अंतर्गत ग्राम कक्योली में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (राशन दुकान) के निर्माण स्थल को लेकर गंभीर विवाद सामने आया है। ग्राम निवासी सोनी पत्नी राम तिवारी ने जिलाधिकारी फर्रुखाबाद को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि सुरक्षित एवं उपयुक्त स्थल को जानबूझकर निरस्त कर असुरक्षित स्थान पर निर्माण कराने की कोशिश की जा रही है।
प्रार्थिनी के अनुसार, पूर्व में राशन दुकान के निर्माण के लिए गाटा संख्या 544 (ग्राम सभा की भूमि) का प्रस्ताव किया गया था, लेकिन यह स्थान आपराधिक दृष्टि से असुरक्षित तथा ग्राम से दूर होने के कारण अनुपयुक्त पाया गया। इसके पश्चात स्थानीय लेखपाल द्वारा जनसामान्य की सुविधा, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गाटा संख्या 286 को सर्वसम्मति से चयनित किया गया और निर्माण हेतु आदेश भी पारित कर दिया गया।
आरोप है कि वर्तमान ग्राम प्रधान द्वारा गाटा संख्या 286 को सामरिक स्थल बताते हुए हथियाने एवं आवंटन में दबाव बनाया जा रहा है। प्रार्थिनी का कहना है कि प्रधान ने अधिशासी अभियंता से सांठगांठ कर उक्त भूमि को दलदली घोषित करा दिया, जबकि आसपास बने अन्य निर्माणों को आज तक दलदली नहीं माना गया है। इसे दुर्भावनापूर्ण और निजी स्वार्थ से प्रेरित कदम बताया गया है।
प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया है कि गाटा संख्या 286 चोरी, लूट व अन्य आपराधिक गतिविधियों से मुक्त है और जनसामान्य के लिए अत्यंत सुरक्षित स्थल है। यदि इस स्थान के अतिरिक्त किसी असुरक्षित क्षेत्र में निर्माण कराया गया तो भविष्य में चोरी, बलात्कार एवं हत्या जैसी घटनाओं की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।
प्रार्थिनी सोनी ने जिलाधिकारी से मांग की है कि स्थानीय लेखपाल द्वारा मौके का निरीक्षण कर आसपास के निर्माणों की स्थिति की आख्या मंगाई जाए और निरस्त किए गए स्थल (गाटा संख्या 286) पर ही राशन दुकान का निर्माण कराया जाए। साथ ही यह भी अनुरोध किया गया है कि यदि आवश्यक हो तो किसी उच्चाधिकारी से स्थल का सत्यापन कराकर निष्पक्ष निर्णय लिया जाए।
अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या संज्ञान लेता है और ग्रामीणों की सुरक्षा व सुविधा को ध्यान में रखते हुए क्या निर्णय करता है।
