फर्रुखाबाद में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज, बूथों पर पढ़कर सुनाई जा रही आलेख्य मतदाता सूची

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 जनवरी 2026 जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशों के क्रम में जनपद फर्रुखाबाद के सभी मतदेय स्थलों पर मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य सक्रिय रूप से चलाया जा रहा है। इस क्रम में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा प्रत्येक मतदान केंद्र पर आलेख्य मतदाता सूची को सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने नाम की जांच कर सके।

मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन के लिए बीएलओ के पास फॉर्म-6, फॉर्म-7 तथा फॉर्म-8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध कराए गए हैं। इससे नए मतदाताओं का पंजीकरण, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने और विवरण में सुधार की प्रक्रिया सुगम हो रही है।

कार्यक्रम की प्रभावी निगरानी हेतु सभी ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी लगातार भ्रमण कर रहे हैं और मतदान केंद्रों पर चल रही गतिविधियों की समीक्षा कर रहे हैं। अधिकारियों द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।

प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं, मतदाता सूची की जांच करें और आवश्यक सुधार या पंजीकरण के लिए संबंधित बीएलओ से संपर्क करें, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी रूप से संपन्न हो सके।