फर्रुखाबाद:नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर थाना मऊदरवाजा पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 जनवरी 2026 नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के उद्देश्य से थाना मऊदरवाजा पुलिस द्वारा थाना क्षेत्रान्तर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं। इस दौरान पुलिस टीम ने महिला सुरक्षा हेतु संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जागरूक किया।

जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं व बालिकाओं को 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1090 (वीमेन पावर लाइन) एवं 1076 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की उपयोगिता विस्तार से समझाई गई। पुलिस कर्मियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ अथवा आपात स्थिति में इन हेल्पलाइन नंबरों पर तुरंत संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

थाना मऊदरवाजा पुलिस द्वारा महिलाओं से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार के महिला-सम्बन्धी अपराध को छिपाएं नहीं, बल्कि निर्भीक होकर पुलिस को सूचित करें। साथ ही उन्हें महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और कानूनी अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया गया।

इस अवसर पर पुलिस टीम ने महिलाओं को यह विश्वास दिलाया कि उनकी सुरक्षा एवं सम्मान के लिए पुलिस सदैव तत्पर है। इस प्रकार के जागरूकता अभियानों से समाज में महिलाओं के प्रति सुरक्षा की भावना मजबूत होगी और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगेगा।