फर्रुखाबाद:श्रीरामनगरिया विकास प्रदर्शनी में फायर सर्विस टीम ने किया अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 जनवरी 2026 मुख्य अग्निशमन अधिकारी जनपद फर्रुखाबाद एवं प्रभारी फायर स्टेशन फतेहगढ़ महोदय के आदेश के क्रम में मेला श्रीरामनगरिया विकास प्रदर्शनी–2026 के अंतर्गत फायर सर्विस टीम द्वारा अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस अभियान के दौरान फायर सर्विस की टीम ने मेले के मनोरंजन क्षेत्र में उपस्थित दुकानदारों, झूला संचालकों एवं आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया तथा सुरक्षा संबंधी पम्पलेट्स का वितरण किया गया।

टीम द्वारा मेले में स्थापित झूलों पर स्टैंडर्ड क्वालिटी के इलेक्ट्रिक तारों का प्रयोग सुनिश्चित करने एवं कटे-फटे तारों पर तत्काल सुरक्षित टेपिंग कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी संचालकों को अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर अग्निशामक यंत्र अनिवार्य रूप से रखने और उसका सही तरीके से उपयोग करने की विधि को व्यवहारिक रूप से समझाया गया।

फायर सर्विस कर्मियों ने आग लगने की स्थिति में “क्या करें और क्या न करें” के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए सतर्क रहने का संदेश दिया। अधिकारियों ने बताया कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सभी को सुरक्षा मानकों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है।

इस जागरूकता अभियान से मेले में मौजूद लोगों ने संतोष व्यक्त किया और फायर सर्विस टीम की सराहना की। प्रशासन द्वारा इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।