बिहार की सियासत में एक बार फिर दलबदल की आहट सुनाई दे रही है. ‘मनरेगा बचाओ आंदोलन’ की रणनीति बनाने के लिए कांग्रेस द्वारा बुलाई गई एक महत्वपूर्ण बैठक में विधायकों की अनुपस्थिति ने पार्टी के भीतर सब कुछ ‘ऑल इज वेल’ न होने के संकेत दे दिए हैं. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में पटना स्थित पार्टी कार्यालय में एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई गई थी. इस बैठक का मुख्य उद्देश्य 10 जनवरी से 25 फरवरी तक चलने वाले राज्यव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तैयार करना था.
बैठक में पार्टी के सभी सांसदों, जिला अध्यक्षों और विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों को बुलाया गया था, लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि कांग्रेस के 6 में से 3 विधायक इस बैठक में नहीं पहुंचे.
विधायकों की अनुपस्थिति पर कटाक्ष करते हुए जेडीयू प्रवक्ता अभिषेक झा ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा, “कांग्रेस विधायकों का रुझान अब NDA की तरफ है. अगर 14 जनवरी (खरमास) के बाद ये विधायक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में भरोसा जताते हुए हमारे साथ आ जाएं, तो किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए. तेजस्वी यादव को सोचना चाहिए कि वे विपक्ष की भूमिका निभाने में विफल साबित हो रहे हैं.”
