जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता के सी त्यागी के बयानों के कारण पार्टी फिर सांसत में है. इस बार उनका बयान आईपीएल को लेकर आया है. जेडीयू सूत्रों के अनुसार पार्टी नेतृत्व उनके बयान से खासा नाराज है और आने वाले दिनों में उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई का मन बना रहा है.
आईपीएल से बांग्लादेशी क्रिकेट खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया गया था. ऐसा बीसीसीआई के निर्देश के बाद किया गया था. फिल्म अभिनेता शाहरुख खान के स्वामित्व वाली कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को खरीदा था लेकिन बांग्लादेश में हिंदुओं पर क्रूर अत्याचार और उनकी हत्याओं के बाद भारत में इसका तीखा विरोध हुआ था. बाद में बांग्लादेश ने हिंदू क्रिकेटर लिट्टन दास को अपनी राष्ट्रीय टीम का कप्तान बनाया था.
लेकिन जेडीयू नेता के सी त्यागी ने अलग लाइन ली. उन्होंने कहा था कि खेल और राजनीति को मिलाना नहीं चाहिए, वैसे उन्होंने स्वीकार किया कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों से भारतीय समाज आक्रोशित है, लेकिन खेल को राजनीति से अलग रखते हुए मुस्तफिजुर को IPL में खेलने की अनुमति दी जानी चाहिए.
