फर्रुखाबाद:लिंक एक्सप्रेसवे में जा रही जमीनों के सर्किल रेट बढ़ाए सरकार — अजय कटियार

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 जनवरी 2026 जनपद में निर्माणाधीन लिंक एक्सप्रेसवे के लिए अधिग्रहित की जा रही किसानों की जमीनों के मुआवजे को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत फर्रुखाबाद संगठन ने आवाज बुलंद की है। इसी क्रम में आज ग्राम पंचायत कन्हुयाकूबपुर के मजरा लुखरयाई में किसानों की एक पंचायत का आयोजन किया गया।

पंचायत में मौजूद किसानों ने एक स्वर में मांग की कि सरकार सर्किल रेट में वृद्धि करे, जिससे जिन किसानों की जमीन एक्सप्रेसवे में जा रही है, उन्हें उचित मुआवजा मिल सके और उनकी आजीविका की भरपाई हो सके।

पंचायत को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि किसानों की जमीनें हमेशा के लिए जा रही हैं, ऐसे में सरकार की भी जिम्मेदारी बनती है कि मुआवजा भी उसी स्तर का दिया जाए। उन्होंने कहा कि जमीन केवल वर्तमान नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों का भविष्य होती है, इसलिए मुआवजा ऐसा होना चाहिए जिससे किसानों के बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके।

उन्होंने यह भी मांग की कि पूरे जनपद में सर्किल रेट एक समान किया जाए। यदि सरकार ने इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया तो जनपद में बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई।

अजय कटियार ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रयागराज में 15 से 18 जनवरी तक चिंतन शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें फर्रुखाबाद जनपद से बड़ी संख्या में किसान भाग लेने के लिए तैयार हैं।

पंचायत में प्रमुख रूप से जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, कानपुर मंडल पूर्व सचिव अफरोज मंसूरी, जिला महासचिव अभय यादव, जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, संजीव यादव (जिला प्रचार मंत्री), राजेश गंगवार, गुड्डू यादव, जिला सह सचिव दिनेश सिंह गौर, सदर तहसील अध्यक्ष रामप्रकाश पाल, तहसील उपाध्यक्ष अनुज राजपूत, तहसील महासचिव रजत गंगवार, राजीव उर्फ बड़े यादव, कलक्टर सिंह राजपूत, अजीत सोमवंशी, नवाबगंज नगर पंचायत अध्यक्ष रेहान पठान, संजय सिंह, रवि राजपूत, अर्पित, नवनीत, नीरज व राजीव सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

पंचायत के माध्यम से किसानों ने स्पष्ट संदेश दिया कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।