फर्रुखाबाद: निर्वाचक नामावलियों के प्रगाढ़ पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक सम्पन्न

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 जनवरी 2026 भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के प्रगाढ़ पुनरीक्षण से संबंधित आलेख्य प्रकाशित निर्वाचक नामावलियों के वितरण के उद्देश्य से जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आज पूर्वान्ह 11 बजे कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इनमें भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस पार्टी एवं आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी शामिल रहे।

बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के प्रगाढ़ पुनरीक्षण से संबंधित आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूचियों का वितरण किया गया। साथ ही परिसीमन/समायोजन के उपरान्त बढ़े हुए मतदेय स्थलों पर नियुक्त बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) एवं बीएलओ सुपरवाइजरों के नाम व मोबाइल नंबरों की सूची भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई तथा अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद की चारों विधानसभा क्षेत्रों—192 कायमगंज, 193 अमृतपुर, 194 फर्रुखाबाद एवं 195 भोजपुर—में कुल 11,07,185 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 6,15,343 पुरुष, 4,91,826 महिला एवं 16 अन्य मतदाता शामिल हैं। जनपद में कुल 977 मतदान केंद्र एवं 1642 मतदेय स्थल स्थापित हैं। इसके साथ ही ईपी रेशियो 47.20 तथा जेंडर रेशियो 799 बताया गया।

उन्होंने बताया कि आलेख्य प्रकाशन दिवस 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित मतदाता सूचियों का अवलोकन संबंधित कार्यालयों एवं निर्धारित स्थलों पर किया जा सकता है। दावे एवं आपत्तियां 06 जनवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 तक प्राप्त की जाएंगी, जिनका निस्तारण 27 फरवरी 2026 तक किया जाएगा।

बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि आयोग द्वारा चार अर्हक तिथियां—01 जनवरी 2026, 01 अप्रैल 2026, 01 जुलाई 2026 एवं 01 अक्टूबर 2026—निर्धारित की गई हैं। इन तिथियों के अनुसार अर्ह होने वाले नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने हेतु फार्म-6 भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के पास जमा कर सकते हैं। वहीं, मतदाता सूची में संशोधन, फोटो पहचान पत्र के प्रतिस्थापन, दिव्यांग मतदाताओं के चिन्हांकन अथवा निवास परिवर्तन के लिए फार्म-8 का उपयोग किया जा सकता है।

इसके अतिरिक्त, मतदाता आयोग के ECINET मोबाइल ऐप एवं https://voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

अंत में जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके या करने वाले अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने हेतु फार्म-6 के माध्यम से आवेदन कराएं। बैठक के समापन पर सभी उपस्थित प्रतिनिधियों को धन्यवाद ज्ञापित किया