फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 जनवरी 2026 सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में एआरटीओ कार्यालय में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ड्राइविंग लाइसेंस का टेस्ट देने आए आवेदकों तथा विभागीय कार्य से पहुंचे अन्य नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में कुल 62 लोगों ने सहभागिता की।
एआरटीओ-प्रवर्तन श्री सुभाष राजपूत ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि जनपद फर्रुखाबाद में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि दिसंबर 2025 तक जनपद में 490 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 284 लोगों की मृत्यु हुई, जबकि दिसंबर 2024 तक 390 दुर्घटनाओं में 213 लोगों की मृत्यु हुई थी। इस प्रकार वर्ष 2025 में दुर्घटनाओं की संख्या में 25.64 प्रतिशत तथा मृतकों की संख्या में 33.33 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो अत्यंत चिंताजनक है।
एआरटीओ ने आवेदकों से अपील की कि किसी भी परिस्थिति में यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग न करें, वाहन के सभी प्रपत्र पूर्ण रखें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें तथा गति को नियंत्रित रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने सभी से सुरक्षित यातायात अपनाने और फर्रुखाबाद को दुर्घटनामुक्त जनपद बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान राह-वीर योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि घातक दुर्घटना में घायल व्यक्ति को दुर्घटना के बाद एक घंटे के भीतर (गोल्डन ऑवर) अस्पताल पहुंचाने पर, घायल के जीवित रहने की स्थिति में 25,000 रुपये के पुरस्कार का प्रावधान है। साथ ही हिट एंड रन मोटर दुर्घटना पीड़ित मुआवजा योजना-2022 के अंतर्गत अज्ञात वाहन से हुई दुर्घटना में मृत्यु होने पर 2 लाख रुपये तथा गंभीर रूप से घायल होने पर 50 हजार रुपये के मुआवजे का प्रावधान भी बताया गया।
यातायात प्रभारी श्री सत्येन्द्र कुमार ने भी उपस्थित लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी और सुरक्षित वाहन संचालन के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।
