फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 जनवरी 2026 जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी फर्रुखाबाद श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह के निर्देशन में रोडवेज बस अड्डे पर बस चालकों व परिचालकों के लिए विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
अभियान में क्षेत्राधिकारी यातायात श्री अभय वर्मा, एआरटीओ प्रवर्तन श्री सुभाष राजपूत, यातायात प्रभारी श्री सत्येंद्र कुमार तथा रोडवेज विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। क्षेत्राधिकारी यातायात ने चालकों को कोहरे के दौरान सावधानीपूर्वक वाहन चलाने, बीच सड़क पर सवारी न बैठाने व न उतारने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने चालकों को नशे की हालत में वाहन न चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी चालकों एवं परिचालकों को सड़क सुरक्षा शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर कुल 42 चालक व परिचालक मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त, एक मोबाइल वैन के माध्यम से सेंट्रल जेल चौराहा, रोडवेज बस अड्डा एवं मेला रामनगरिया क्षेत्र में ऑडियो संदेशों के जरिए सड़क सुरक्षा नियमों का प्रचार-प्रसार किया गया। प्रशासन ने बताया कि सड़क सुरक्षा जागरूकता का यह अभियान 31 जनवरी 2026 तक निरंतर जारी रहेगा।
