फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 जनवरी 2026 मेला श्री रामनगरीया में श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्राथमिक उपचार के लिए एलोपैथिक (Allopathic) हेल्थ पोस्ट की स्थापना कर दी गई है। इस हेल्थ पोस्ट के माध्यम से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
हेल्थ पोस्ट पर योग्य चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की गई है, जहां श्रद्धालुओं का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। किसी भी आपात स्थिति अथवा गंभीर स्वास्थ्य समस्या होने पर मरीजों को एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से नजदीकी अस्पताल में रेफर किए जाने की समुचित व्यवस्था भी की गई है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई इस व्यवस्था से मेले में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली है। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों एवं बीमार श्रद्धालुओं को तत्काल इलाज मिलने से किसी भी अप्रिय स्थिति से बचाव संभव हो सकेगा।
प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत हेल्थ पोस्ट से संपर्क करें तथा मेले के दौरान साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
