फर्रुखाबाद:कड़हर में निर्माणाधीन मड़ियनघाट पुल का विधायक सुशील शाक्य ने किया निरीक्षण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 जनवरी 2026 आज कड़हर क्षेत्र में गंगा नदी पर निर्माणाधीन मड़ियनघाट पुल का माननीय विधायक श्री सुशील शाक्य ने कार्यकर्ताओं के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्धता की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर विधायक सुशील शाक्य ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया तथा उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने पुल निर्माण को क्षेत्र के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए बताया कि इसके पूर्ण होने से आवागमन सुगम होगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होगी।

विधायक ने कहा कि मड़ियनघाट पुल क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके निर्माण से वर्षों से चली आ रही आवागमन की समस्याओं का समाधान होगा और ग्रामीण जीवन अधिक सशक्त एवं सुविधाजनक बनेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय कार्यकर्ता एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। विधायक ने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनता के विश्वास और सहभागिता से ही विकास कार्यों को गति मिलती है। जनहित के कार्यों के लिए वे निरंतर प्रतिबद्ध हैं और क्षेत्र के विकास हेतु हर संभव प्रयास जारी रहेगा।