कासगंज : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 जो दिनांक 01.01.2026 से 31.01.2026 तक मनाया जा रहा है, जिसका उद्घाटन समारोह दिनांक 01.01.2026 को सहायक सम्भागीय परिवहन कार्यालय के परिसर में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में माननीय सदर विद्यायक श्री देवेन्द्र सिंह राजपूत उपस्थित हुए। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 को जीरो फैटेलिटी माह के रूप में मनाया जा रहा है, जिसका ध्येय वाक्य ‘‘सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा‘‘ है। सड़क सुरक्षा उद्घाटन समारोह में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी श्री आर0पी0 मिश्र द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 अन्तर विभागीय समन्वय द्वारा मनाया जा रहा है, जिसमें परिवहन विभाग के साथ ही पुलिस, लोक निर्माण, शिक्षा, चिकित्सा विभाग आदि शामिल हैं, जिनके द्वारा दैनिक रूप से जनजागरुकता रोड इंजीनियरिंग, आकस्मिक चिकित्सा तथा प्रवर्तन की कार्यवाही अमल में लायी जाएगी। श्री मिश्र द्वारा बताया गया कि सड़क सुरक्षा जागरुकता सम्बन्धी प्रचार-प्रसार पब्लिक ऐड्रस सिस्टम का प्रयोग कर शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी किया जाएगा। प्रथम चरण में लोगों को यातायात नियमों के सम्बन्ध में जागरुक किया जाएगा, तत्पश्चात इसका पालन न करने वाले लोगों के विरुद्ध प्रवर्तन की कार्यवाही की जाएगी। सड़क सुरक्षा माह के अन्तर्गत जनपद के ब्लैक स्पोटों का निरीक्षण ‘‘नो हेल्मेट नो फ्यूल‘‘ अभियान, वाहनों के फिटनेस की जांच तथा रिफ्लेक्टर लगाया जाना और वाहन चालकों का चिकित्सा विभाग के सहयोग से स्वास्थ्य व नेत्र परीक्षण कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त शिक्षा विभाग के सहयोग से स्कूलों में रोड सेफ्टी क्लब के माध्यम से यातायात नियमों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही भारत सरकार की दुर्घटना पीड़ित व्यक्ति की सहायता के लिए bhu लायी गई योजना ‘‘राहवीर व कैशलेस स्कीम‘‘ का प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित करते हुए माननीय सदर विधायक श्री देवेन्द्र सिंह राजपूत द्वारा जनपद वासियों से अपील की गयी कि यातायात नियमों का पालन करें। हेल्मेट एवं सीटबेल्ट का प्रयोग करें, नशा करके वाहन न चालायें, मोबाईल फोन का प्रयोग वाहन चलाते समय न करें, तीव्र गति से वाहन न चलायें, स्टन्ट न करें, ओवरलोडिंग करने से बचें, क्योंकि ज्यादातर दुर्घटनायें इन्हीं कारणों से होती हैं। माननीय विधायक द्वारा इस सम्बन्ध में सरकार के द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में प्रकाश डाला गया, उनके द्वारा बताया गया कि सड़क दुर्घटना को लेकर सरकार अत्यन्त गम्भीर है, किन्तु बिना जनसहभागिता के लक्ष्यों की पूर्ति सम्भव नहीं है। ऐसे में सड़क दुर्घटना से बचाव के लिए हमें यातायात नियमों का पालन अनिवार्य रूप से करना चाहिए।
उपरोक्त के साथ ही उद्घाटन समारोह के अन्त में समारोह में उपस्थित सभी लोगों को यातायात नियमों की शपथ दिलायी गई। कार्यक्रम में सैनिक कल्याण बोर्ड से कमान्डेन्ट श्री जगदीश सिंह, यातायात विभाग से श्री लक्ष्मण सिंह तथा शिक्षा विभाग, लोक निर्माण विभाग, रोडवेज आदि के अधिकारीगण व प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वाहन चालक, यूनियन के पदाधिकारी व आमजन सम्मिलित हुए।
कासगंज : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह जनवरी 2026 का उद्घाटन सहायक सम्भागीय परिवहन कार्यालय के परिसर में किया गया
