फर्रुखाबाद:माघ मेला ढाईघाट 2025-26 की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक सम्पन्न

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 दिसम्बर 2025 आगामी माघ मेला ढाईघाट 2025-26 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से आज दिनांक 31.12.2025 को एक संयुक्त समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक थाना शमसाबाद क्षेत्रान्तर्गत प्रस्तावित माघ मेला स्थल से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा हेतु आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी फर्रूखाबाद, जिलाधिकारी शाहजहाँपुर, पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ एवं अपर पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर द्वारा संयुक्त रूप से मेला तैयारियों की समीक्षा की गई। इस अवसर पर मेला व्यवस्था से जुड़े सभी विभागों के संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जिलाधिकारियों द्वारा पेयजल व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शीतलहर को देखते हुए अलाव व कंबल की उपलब्धता, सुचारु यातायात व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तथा आवश्यक स्थानों पर संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि मेला अवधि के दौरान भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन सेवाओं की तैनाती, सुरक्षा व्यवस्था, एवं यातायात नियंत्रण की योजनाओं को समय से पूर्ण कर लिया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि माघ मेला ढाईघाट 2025-26 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जाएगा।