फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 दिसम्बर 2025 ढाई घाट पर आयोजित होने वाले माघ मेले की तैयारियों को लेकर आज जिलाधिकारी फर्रूखाबाद श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी, जिलाधिकारी शाहजहाँपुर श्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह तथा पुलिस अधीक्षक फर्रूखाबाद श्रीमती आरती सिंह ने संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ समय से पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत शाहजहाँपुर ने अवगत कराया कि मेला क्षेत्र में आने-जाने के सभी मार्ग तैयार कर लिए गए हैं। पेयजल व्यवस्था के लिए लगभग 300 हैंडपंप लगाए जा रहे हैं। विद्युत व्यवस्था को सुचारू रखने हेतु दो जनरेटर लगाए जा रहे हैं। अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए टेंट की व्यवस्था की गई है, जबकि श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु रैन बसेरों का निर्माण किया जा रहा है। महिला स्नानार्थियों के लिए चेंजिंग रूम की विशेष व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र में मेडिकल कैम्प स्थापित करने, गोताखोरों की तैनाती, खोया-पाया केंद्र बनाने, पी.ए. सिस्टम लगाने, नाव एवं नाविकों की व्यवस्था, आपदा मित्रों की तैनाती, पर्याप्त पार्किंग, पेयजल एवं शौचालयों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही घाटों पर बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुख्ता करने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी कायमगंज, क्षेत्राधिकारी कायमगंज, तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि ढाई घाट माघ मेला पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल वातावरण में संपन्न कराया ।
