फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 दिसम्बर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने मेला श्री रामनगरिया पहुँचकर मेला शुभारंभ के अवसर पर आयोजित होने वाली गंगा आरती की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गंगा आरती से जुड़ी व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी/मेला सचिव को निर्देशित किया कि गंगा आरती से संबंधित समस्त तैयारियाँ समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण की जाएँ, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने विशेष रूप से सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर ध्यान देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्नान घाटों की स्थिति का भी जायजा लिया और स्नान हेतु घाटों को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसके लिए सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित किए जाएँ।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित की जा रही सड़कों एवं फुटपाथ के निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं शीघ्रता से पूर्ण किए जाएँ, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई परेशानी न हो।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और समय-समय पर प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
