उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी के विधायक रामेश्वर महतो के सुर बदले

पटनाः राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामेश्वर महतो के सुर आज अचानक बदल गए। उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए संदेश दिया कि ‘हम सब एकजुट हैं, आज भी साथ हैं और आगे भी साथ रहेंगे।’ आएलएम के विधायक रामेश्वर महतो ने इससे पहले उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री बनाए जाने के फैसले को पार्टी के लिए आत्मघाती करार दिया था और इस पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया था।

रामेश्वर महतो ने बुधवार को फेसबुक पर एक पोस्ट में दिनारा विधानसभा क्षेत्र के आरएलएम के विधायक आलोक सिंह और मधुबनी विधानसभा क्षेत्र के आरएलएम के विधायक माधव आनंद के साथ अपनी तस्वीरें शेयर कीं। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा- ”हम सब एकजुट हैं, आज भी साथ हैं और आगे भी साथ रहेंगे। एनडीए की मजबूती और बिहार के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ, हम साथ-साथ हैं। जय एनडीए।” चार दिन पहले आरएलएम के भीतर जारी कलह सामने आई थी। पार्टी के प्रभावी नेता विधायक रामेश्वर महतो ने उपेंद्र कुशवाहा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। उन्होंने कहा था कि पार्टी अपने सिद्धांतों से भटक गई है और अगर सुधार नहीं हुआ तो इसका अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है।