फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 दिसंबर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में आईजीआरएस (IGRS) शिकायतों के निस्तारण से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि निस्तारण आख्या के साथ आवश्यक साक्ष्य अनिवार्य रूप से अपलोड किए जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि साक्ष्य के रूप में शिकायतकर्ता से संपर्क, स्थलीय निरीक्षण तथा शिकायतकर्ता की अनुपस्थिति में दो पड़ोसियों के बयान सहित आख्या पोर्टल पर अपलोड की जाए। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से संपर्क न करने वाले अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे न केवल अनुशासनहीनता बल्कि गंभीर अपराध बताया। जिलाधिकारी ने शत-प्रतिशत शिकायतकर्ताओं से अनिवार्य संवाद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस क्रम में सीडीपीओ शमसाबाद, प्रबंधक दुग्ध विकास, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद, खंड शिक्षा अधिकारी नवाबगंज, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण, अधिशासी अभियंता विद्युत सहकारिता विभाग, सीएचसी नवाबगंज, सीएमओ एवं बीईओ नवाबगंज को विशेष रूप से निर्देशित किया गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी प्रतिदिन कार्यालय पहुंचकर सर्वप्रथम IGRS पोर्टल की समीक्षा करें तथा शिकायतों का निस्तारण स्वयं की निगरानी में कराएं। प्रत्येक शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की जाए। यदि कोई शिकायत संबंधित अधिकारी के क्षेत्राधिकार से बाहर है, तो उसे उसी दिन अथवा अगले दिन अनिवार्य रूप से वापस किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि डिफाल्टर होने से कम से कम पांच दिन पूर्व IGRS पोर्टल पर गुणवत्तापूर्ण एवं सुस्पष्ट निस्तारण आख्या अपलोड की जाए। लापरवाही के कारण डिफाल्टर संदर्भ बनने या जनपद की रैंकिंग प्रभावित होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। IGRS शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, पीडी डीआरडीए, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), एसडीएम सदर, सीओ सिटी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
