फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 दिसंबर 2025 को क्षेत्राधिकारी साइबर सेल की अध्यक्षता में रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में साइबर क्राइम विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं त्वरित कार्रवाई की क्षमता को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यशाला में जनपद के समस्त थानों पर गठित साइबर सेल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान प्रतिभागियों को नवीनतम साइबर अपराध तकनीकों, ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों, सोशल मीडिया अपराध, डिजिटल साक्ष्य संकलन, साइबर सुरक्षा के उपायों तथा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की रणनीतियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
क्षेत्राधिकारी साइबर सेल ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में पुलिस कर्मियों का तकनीकी रूप से अपडेट रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने का प्रयास करें।
कार्यशाला के माध्यम से पुलिसकर्मियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए समन्वित प्रयासों पर विशेष जोर दिया गया। आयोजन को प्रतिभागियों द्वारा अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया गया।
