फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 दिसंबर 2025 उत्तर प्रदेश 112 आपात सेवाओं के अंतर्गत ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत थाना अमृतपुर पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्यशैली का परिचय देते हुए एक गुमशुदा बालक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया।
दिनांक 27 दिसंबर 2025 को डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि एक 12 वर्षीय बालक, जो अपनी नानी के घर जा रहा था, रास्ता भटक कर गुम हो गया है। सूचना के अनुसार बालक कस्बा राजपुर में अकेला पाया गया था। सूचना मिलते ही थाना अमृतपुर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बालक से बातचीत कर उसकी पहचान एवं परिजनों की जानकारी एकत्र की।
पुलिस द्वारा त्वरित प्रयास करते हुए बालक के परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया, जिसके पश्चात बालक को सकुशल उसकी नानी के सुपुर्द कर दिया गया। बालक के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस की इस मानवीय पहल एवं संवेदनशील कार्यवाही की स्थानीय जनमानस द्वारा भी सराहना की जा रही है। थाना अमृतपुर पुलिस की तत्परता ऑपरेशन मुस्कान की सफलता का सशक्त उदाहरण है।
