फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 दिसम्बर 2025 शहर के स्थापना दिवस के अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 27 दिसंबर 2025 (शनिवार) को ऐतिहासिक और सांस्कृतिक आयोजन “जश्न-ए-फ़र्रुखाबाद” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम फर्रुखाबाद की गंगा-जमुनी तहज़ीब, स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली परंपरा और शहर की ऐतिहासिक विरासत को समर्पित रहेगा।
आयोजन के दौरान जंग-ए-आजादी में शहीद हुए क्रांतिकारियों के वंशजों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ बाहर से इतिहासकारों एवं शोधकर्ताओं के शामिल होने की भी प्रबल संभावना है, जो फर्रुखाबाद के ऐतिहासिक योगदान पर अपने विचार साझा करेंगे।
संभावित रूप से सम्मानित होने वाले अतिथियों में
अशफाक उल्ला खान के पौत्र, स्नेह लता राठौड़ (शहीद महावीर सिंह की भतीजी), जावेद शाह खान (पांचवीं पीढ़ी, क्रांतिकारी नियाज़ अहमद खान—कालापानी की सजा प्राप्त),
अरशद हुसैन (वंशज सखावत हुसैन खान—फर्रुखाबाद में फांसी दी गई) जैसे प्रतिष्ठित नाम शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में तहसील सिद्दीकी, विजय यादव, नदीम अहमद फारूकी, डॉ. रामकृष्ण राजपूत सहित कई विशिष्ट अतिथियों के पहुंचने की संभावना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. अनवर अहमद खान (डेंटल सर्जन एवं समाजसेवी) द्वारा की जाएगी। आयोजन का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना ही नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को फर्रुखाबाद के स्वतंत्रता संग्राम, बलिदानों और साझा सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना भी है।
आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने और फर्रुखाबाद के गौरवशाली इतिहास को नमन करने की अपील की है।
