फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 दिसम्बर 2025 कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में शिक्षा विभाग के तत्वावधान में सुशासन सप्ताह के अंतर्गत आज वीर बाल दिवस का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय सांसद श्री मुकेश राजपूत ने की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी के वीर पुत्रों—साहिबजादा जोरावर सिंह (आयु 9 वर्ष) एवं साहिबजादा फतेह सिंह (आयु 6 वर्ष)—के अद्वितीय बलिदान को स्मरण किया। बताया गया कि आज का दिन उनके बलिदान दिवस के रूप में मनाया जाता है, जिन्होंने धर्म, सत्य, देश की रक्षा, एकता और स्वाभिमान के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि चमकौर के युद्ध में मात्र 42 सिखों ने लगभग 10 लाख की मुगल सेना का वीरता से सामना किया। इस संघर्ष में अनेक सिख योद्धा शहीद हुए, किंतु मुगल आक्रांताओं के तमाम प्रयासों के बावजूद गुरु गोविंद सिंह जी को पकड़ा नहीं जा सका। इस युद्ध ने मुगल आक्रांता वजीर खान के हौसले पस्त कर दिए और सिख इतिहास में शौर्य एवं बलिदान की अमिट छाप छोड़ी।
वीर बाल दिवस के अवसर पर अनेक छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों में देशभक्ति, साहस और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का संदेश गया।
इसके साथ ही भारत मंडपम, नई दिल्ली में माननीय प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित वीर बाल दिवस कार्यक्रम का दूरदर्शन पर सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में उपस्थित जनसमूह ने देखा।
कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को साहिबजादों के बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र, समाज और धर्म की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश देना रहा।
