फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 दिसम्बर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में आज एआरटीओ–प्रवर्तन सुभाष राजपूत द्वारा माल वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान बिना राज्य कर (जीएसटी) प्रपत्र के सुपारी ढोता हुआ एक ट्रक पकड़ा गया, जिसमें लगभग 28.98 लाख रुपये मूल्य की सुपारी लदी हुई थी।
एआरटीओ द्वारा दूरभाष पर अमित त्यागी, सहायक आयुक्त (राज्य कर), सचल दल फतेहगढ़ से वाहन में लदे माल के कर भुगतान का सत्यापन कराया गया। सत्यापन में यह स्पष्ट हुआ कि ट्रक में लदी सुपारी पर जीएसटी का भुगतान नहीं किया गया है। प्रस्तुत बिल के अनुसार माल दिल्ली से असम ले जाया जाना दर्शाया गया था, जबकि उक्त ट्रक फर्रुखाबाद में सेंट्रल जेल से अल्लागंज की ओर जाते हुए एआरटीओ कार्यालय के पास पकड़ा गया।
कर अपवंचन के मामले में ट्रक को सहायक आयुक्त (राज्य कर) के सुपुर्द किया गया, जिनके द्वारा इसे सातनपुर मंडी में सीज कर दिया गया है।
इसके अतिरिक्त चेकिंग के दौरान 01 ओवरलोड तथा 02 ओवरहाइट ट्रक भी पकड़े गए, जिन्हें सीज किया गया। ओवरलोड ट्रक पर 50 हजार रुपये तथा ओवरहाइट ट्रकों पर 16 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
परिवहन विभाग की आज की कार्रवाई में कुल 04 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 66 हजार रुपये का जुर्माना आरोपित किया गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार का चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि कर चोरी और यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
