फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 दिसम्बर 2025 थाना कमालगंज क्षेत्र के ग्राम बहादुरपुर से एक 21 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। युवती के भाई ने अपनी बहन को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसे कहीं बेच दिए जाने की आशंका जताते हुए थाना कमालगंज में गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में गुमशुदगी पहले ही दर्ज कर ली गई है और हर पहलू से जांच की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बहादुरपुर निवासी राहुल पुत्र रामनरेश ने थाना कमालगंज में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी बहन योजना राजपूत (उम्र लगभग 21 वर्ष) दिनांक 17 दिसंबर 2025 को सुबह करीब 11 बजे रामकृष्ण महाविद्यालय कमालगंज जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
पहले दर्ज हुई गुमशुदगी
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने 18 दिसंबर 2025 को युवती की गुमशुदगी दर्ज कर ली थी। गुमशुदा युवती का हुलिया पुलिस द्वारा सार्वजनिक किया गया है। युवती का रंग गेहुँआ, कद करीब 5 फुट, गाल पर दाग और आंख के पास तिल बताया गया है। लापता होते समय वह काली जैकेट, काला पैंट और सफेद जूते पहने हुए थी।
परिचिता पर गंभीर आरोप
अब परिजनों का आरोप है कि युवती की एक परिचिता सोनम पुत्री लालबहादुर, निवासी ग्राम कटकैया, कोतवाली गुरसहायगंज जनपद कन्नौज उसे रामकृष्ण महाविद्यालय के बाहर से बहला-फुसलाकर अपने साथ कहीं ले गई। आरोप है कि सोनम के भाइयों हवलदार, नन्हे और विकास का भी इस कार्य में सहयोग रहा है।
राहुल ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में यह भी आशंका जताई है कि सोनम उसकी बहन को कहीं बेच सकती है, जिससे परिवार बेहद भयभीत है। परिजनों ने सोनम व उसके परिजनों के मोबाइल नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं।
पुलिस का पक्ष
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अभी तक कोई ठोस साक्ष्य सामने नहीं आया है। यह सभी आरोप परिजनों द्वारा लगाए गए हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार गुमशुदगी की जांच उपनिरीक्षक को सौंपी गई है तथा सूचना को कंट्रोल रूम के माध्यम से भी प्रसारित किया गया है।
जांच जारी
फिलहाल पुलिस कॉल डिटेल, संभावित स्थानों और युवती के संपर्कों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि यदि अपहरण या किसी अन्य अपराध की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी को गुमशुदा युवती के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत थाना कमालगंज या नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें।
