फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 दिसंबर 2025 नगर के प्रमुख व्यावसायिक मार्ग फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन रोड के विकास को लेकर लंबे समय से प्रतीक्षित प्रक्रिया अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिखाई दे रही है। लगभग साढ़े तीन वर्ष पूर्व जिला प्रशासन द्वारा रेलवे रोड को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने का आश्वासन देते हुए दुकानों/प्रतिष्ठानों को हटाया गया था, किंतु तय समय बीत जाने के बावजूद सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका, जिससे व्यापारियों में रोष व्याप्त था।
इसी क्रम में फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल, फर्रुखाबाद के नेतृत्व में दिनांक 26 जुलाई 2025 को फर्रुखाबाद स्थित चौक पर धरना-प्रदर्शन किया गया। धरने के दौरान अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका परिषद फर्रुखाबाद एवं अधिशासी अभियंता विद्युत (नगरीय) फर्रुखाबाद द्वारा कार्य पूर्ण कराए जाने का लिखित आश्वासन दिया गया था। आश्वासन के अनुसार विद्युत विभाग द्वारा रेलवे रोड पर विद्युत पोल/बंच केबिल का शिफ्टिंग कार्य पूर्ण कर लिया गया।
इसके पश्चात दिनांक 16 दिसंबर 2025 को फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल फर्रुखाबाद के एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका परिषद फर्रुखाबाद से संपर्क किया गया, जहां पूर्व में दिए गए लिखित आश्वासन के अनुरूप रेलवे रोड निर्माण हेतु ई-टेंडर निविदा प्रकाशित किए जाने की पुष्टि की गई। निविदा की छायाप्रति भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने की उम्मीद जगी है।
फेडरेशन ने स्पष्ट किया कि रेलवे रोड पर विद्युत शिफ्टिंग एवं सड़क निर्माण कार्य नगर प्रशासन, विद्युत विभाग तथा विशेष रूप से रेलवे रोड के सम्मानित व्यापारी बंधुओं के सहयोग के बिना संभव नहीं था। व्यापारियों द्वारा पिछले साढ़े तीन वर्षों से जिस धैर्य और सहयोग का परिचय दिया गया, उसके लिए फेडरेशन ने सभी व्यापारी बंधुओं का कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया।
फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल, फर्रुखाबाद ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि जिस प्रकार अब तक धैर्य बनाए रखा गया है, उसी प्रकार रेलवे रोड के निर्माण की कागजी प्रक्रिया एवं वास्तविक निर्माण पूर्ण होने तक सहयोग और संयम बनाए रखें, ताकि फर्रुखाबाद रेलवे रोड को शीघ्र एक सुव्यवस्थित मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जा सके।
