फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 दिसंबर 2025 कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में बुधवार को जल निगम से संबंधित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की। बैठक में जल निगम द्वारा संचालित निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति को लेकर जिलाधिकारी ने गहरी नाराज़गी व्यक्त की।
बैठक के दौरान जब निर्माण कार्यों में हो रही शिथिलता पर चर्चा की गई, तो तमाम प्रयासों के बावजूद अधिशासी अभियंता कार्य प्रारंभ न हो पाने के संबंध में कोई भी संतोषजनक और ठोस कारण प्रस्तुत नहीं कर सके। हालांकि उन्होंने कार्य शीघ्र शुरू कराने का आश्वासन दिया, लेकिन उनका यह आश्वासन जिलाधिकारी को विश्वसनीय प्रतीत नहीं हुआ।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने जल निगम अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कार्यों में शीघ्र प्रगति नहीं दिखाई दी, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) सहित अन्य संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
