फर्रुखाबाद:किसान सम्मान दिवस पर 57 प्रगतिशील कृषक सम्मानित

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 दिसंबर 2025 पूर्व प्रधानमंत्री स्व० चौधरी चरण सिंह जी की जयंती के अवसर पर आज “किसान सम्मान दिवस” का भव्य आयोजन द रायल जे.जे.आर पैलेस, फतेहगढ़ में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में माननीय सांसद श्री मुकेश राजपूत उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्री विनोद कुमार गौड, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री फतेहचन्द्र वर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री वीरेन्द्र सिंह राठौर, महामंत्री श्री डी.एस. राठौर, परियोजना निदेशक श्री कपिल कुमार, जिला विकास अधिकारी श्री श्याम कुमार तिवारी, उप कृषि निदेशक श्री अरविन्द मोहन मिश्र, जिला कृषि अधिकारी श्री वी.के. सिंह, पर्यावरणविद् श्रीमती गुंजा जैन सहित बड़ी संख्या में प्रगतिशील कृषकों ने सहभाग किया।

उप कृषि निदेशक फर्रुखाबाद ने जानकारी देते हुए बताया कि चौधरी चरण सिंह जी के जन्मदिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य एवं अधिक उत्पादन करने वाले कुल 57 कृषकों को सम्मानित किया जा रहा है। इनमें खरीफ सत्र में उर्द, मक्का तथा रबी सत्र में गेहूं, सरसों, मसूर के साथ-साथ उद्यान, मत्स्य, पशुपालन एवं गन्ना क्षेत्र के कृषक शामिल हैं। जनपद स्तर पर 13 कृषक प्रथम, 13 कृषक द्वितीय तथा 31 कृषक विकास खंड स्तर पर सम्मानित किए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार के अंतर्गत ₹7000, द्वितीय पुरस्कार ₹5000 एवं विकास खंड स्तरीय पुरस्कार ₹2000 की धनराशि डीबीटी के माध्यम से कृषकों के खातों में प्रेषित की जाएगी।

पर्यावरणविद् श्रीमती गुंजा जैन ने किसानों से मिट्टी की जांच कराकर संतुलित उर्वरकों के प्रयोग की अपील की तथा फसल बीमा को आवश्यक बताते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय यह किसानों के लिए सुरक्षा कवच का कार्य करता है।

वरिष्ठ भाजपा नेता श्री वीरेन्द्र सिंह राठौर ने चौधरी चरण सिंह जी को किसानों का सच्चा हितैषी बताते हुए जैविक खेती अपनाने का आह्वान किया, जिससे लागत कम होने के साथ किसानों की आय में वृद्धि संभव है।

भाजपा जिलाध्यक्ष श्री फतेहचन्द्र वर्मा ने कहा कि किसान सम्मान दिवस वर्ष 2001 से निरंतर मनाया जा रहा है और विकसित भारत संकल्प को पूरा करने में किसानों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने नैनो यूरिया, नैनो डीएपी और जैविक खेती को अपनाने पर जोर दिया।

मुख्य अतिथि सांसद श्री मुकेश राजपूत ने कहा कि चौधरी चरण सिंह जी किसानों के मसीहा थे। आज भारत अन्न, फल, सब्जियां और मोटे अनाज के उत्पादन में आत्मनिर्भर होकर निर्यातक देश बन चुका है। उन्होंने किसानों से मिलेट्स (मोटे अनाज) की खेती अपनाने का आह्वान किया, जिससे बेहतर मूल्य और स्वास्थ्य लाभ दोनों प्राप्त हो सकते हैं।

अध्यक्षीय संबोधन में जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि वर्तमान सरकार चौधरी चरण सिंह जी के विचारों के अनुरूप किसानों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने किसानों से फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने का अनुरोध किया, ताकि भविष्य में उर्वरक, बीज, कीटनाशक, पीएम किसान सम्मान निधि एवं अन्य योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिल सके।

कार्यक्रम के अंत में सम्मानित कृषकों का उत्साहवर्धन किया गया और किसान हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया