फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 दिसंबर 2025 आगामी मेला श्री रामनगरिया की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मंगलवार को जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने मेला श्री रामनगरिया स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं चिकित्सा सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए तथा श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराई जाएं।
इस अवसर पर अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में मौजूद संत-महात्माओं से भेंट कर उनसे व्यवस्थाओं को लेकर उनका अभिमत भी जाना तथा उनके सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिनेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, नगर पालिका अधिशासी अभियंता विनोद कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मेला श्री रामनगरिया को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने हेतु सभी आवश्यक कदम समय से पूरे किए जाएंगे।
