फर्रुखाबाद: पुलिस पर गंभीर आरोप, कड़ाके की ठंड में किसान यूनियन का देर रात थाना शमशाबाद घेराव

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 दिसंबर 2025 जनपद के थाना शमशाबाद में पुलिस की कथित कार्यशैली को लेकर बड़ा बवाल सामने आया है। कड़ाके की सर्दी के बीच भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने देर रात थाने का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मामला थाने में तैनात दो दरोगाओं पर मारपीट, अभद्र भाषा और सुविधा शुल्क मांगने जैसे गंभीर आरोपों से जुड़ा है।

भारतीय किसान यूनियन का आरोप है कि यूनियन के ग्राम अध्यक्ष के साथ थाना शमशाबाद में तैनात दरोगा मिथलेश यादव ने मारपीट की। इतना ही नहीं, एक अन्य मामले में दरोगा मिथलेश यादव ने समझौते के नाम पर किसान यूनियन के जिला प्रचार मंत्री से सुविधा शुल्क की मांग की। जब प्रचार मंत्री ने कथित सुविधा शुल्क देने से इनकार किया तो दरोगा द्वारा थर्ड डिग्री का प्रयोग किए जाने का आरोप लगाया गया है।

जिला प्रचार मंत्री ने बताया कि दरोगा मिथलेश यादव और वीर सिंह ने उन्हें भद्दी-भद्दी गालियां दीं और थाने के एक कमरे में ले जाकर पटे से बेरहमी से मारपीट की। इस घटना से आहत होकर भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष ने संगठन के करीब आधा सैकड़ा पदाधिकारियों के साथ थाना शमशाबाद का घेराव कर दिया।

किसान यूनियन के पदाधिकारी दोनों आरोपित दरोगाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर थाने के अंदर ही धरने पर बैठ गए। देर रात तक चले इस हंगामे से थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने पूरे मामले की जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त कराया गया।

इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें किसान यूनियन के पदाधिकारी थाना परिसर में विरोध प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल यह पूरा मामला थाना शमशाबाद परिसर का बताया जा रहा है और पुलिस अधिकारियों द्वारा जांच की बात कही जा रही है।