फर्रुखाबाद:शीत लहर के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने किया प्रमुख स्थलों का निरीक्षण।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 दिसंबर 2025 जनपद में जारी शीत लहर को देखते हुए जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने फतेहगढ़ चौराहा, रैन बसेरा फतेहगढ़, राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय, बस स्टेशन एवं रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ठंड से बचाव हेतु की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण में सभी स्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित पाई गईं। रैन बसेरा एवं सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलते हुए मिले तथा जरूरतमंदों के लिए ठहरने, गर्माहट एवं मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में मरीजों के लिए ठंड से बचाव के प्रबंधों की भी समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शीत लहर के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और निरंतर निगरानी रखते हुए जरूरतमंदों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर श्री रजनीकांत ओ, नगर पालिका परिषद के अधिकारी श्री विनोद कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।