फर्रुखाबाद पुलिस की बड़ी सफलता: लूट कांड में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, ₹1.84 लाख नगद व मोबाइल बरामद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 दिसंबर 2025 जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसओजी/सर्विलांस टीम एवं थाना कादरीगेट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने लूट के एक गंभीर मामले में वांछित 01 अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ₹1,84,500/- रुपये नगद, 01 मोबाइल फोन, 01 ड्राइविंग लाइसेंस एवं 01 पर्स बरामद किया है।

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन कानपुर आलोक सिंह के निर्देशन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज कानपुर हरीश चन्दर के कुशल पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तार अभियुक्त थाना कादरीगेट पर पंजीकृत मु0अ0सं0 370/2025 धारा 309(6)/61(2)/317(2) बीएनएस से संबंधित मामले में वांछित था।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण

पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त का नाम कपिल कुमार पुत्र कर्मवीर सिंह निवासी ग्राम जरौठा, थाना बलदेव, जनपद मथुरा है।

घटना का संक्षिप्त विवरण

दिनांक 15 दिसंबर 2025 को रेडिएंट कैश मैनेजमेंट सर्विस के कैश कलेक्शन कर्मी राजेश कुमार पुत्र स्वर्गीय कप्तान लाल शर्मा निवासी ग्राम सकवाई, कोतवाली मोहम्मदाबाद, जनपद फतेहगढ़ को अज्ञात बाइक सवार युवकों द्वारा गोली मारकर कैश बैग लूट लिया गया था। इस संबंध में वादी राजू शर्मा की तहरीर पर थाना कादरीगेट में मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई थी।

विवेचना के दौरान एसओजी, सर्विलांस एवं थाना कादरीगेट पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया, जो पूछताछ के दौरान घबरा गया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने उक्त लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

अभियुक्त का कबूलनामा

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह वर्ष 2024 में फर्रुखाबाद स्थित ईफको कार्यालय, मंडी रोड में कार्यरत था और वहीं से उसे जानकारी मिली कि रेडिएंट कंपनी का कर्मचारी राजेश कुमार नियमित रूप से भारी मात्रा में नकदी लेकर आता-जाता है। इसी जानकारी के आधार पर उसने अपने छोटे भाई निखिल व चचेरे भाई मनीष सिकरवार के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और घटना को अंजाम दिया।

बरामदगी का विवरण

₹1,84,500/- रुपये नगद, 01 ड्राइविंग लाइसेंस, 01 पर्स, 01 मोबाइल फोन

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

थाना कादरीगेट पुलिस टीम, एसओजी टीम एवं सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है।