बरेली/आंवला- सिरौली थाना क्षेत्र के वेल बोझी गांव में 30 वर्षीय तोता राम लोधी की ईंटों से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना उस समय हुई जब तोता राम लोधी की पत्नी जावित्री अपने मायके चमरपुरा में भतीजे के नामकरण समारोह में गई हुई थीं। हमलावरों ने मौका पाकर तोता राम पर ईंटों से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, मृतक की किसी से कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी। हालांकि, मृतक की पत्नी जावित्री ने अपने मौसेरे चाचा फूलसिंह उर्फ मूछड़ और उनके साथियों के खिलाफ हत्या का प्रार्थना पत्र दिया है। आरोप है कि हमलावरों ने युवक के सिर और चेहरे पर ईंटों से कई वार किए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हत्या की खबर फैलते ही गांव में भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मृतक तोता राम लोधी के दो बेटे और एक बेटी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी हिरासत में होंगे और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद है।
बरेली – सिरौली में भतीजे की ईंट से कुचलकर हत्या शराब के नशे में चाचा पर हत्या का आरोप।
