फर्रुखाबाद:एएसपी अरुण कुमार सिंह ने किया रात्रि भ्रमण, नाइट गश्त व ड्यूटी की सघन चेकिंग

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 दिसंबर 2025 जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह द्वारा क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्याय के साथ रात्रि भ्रमण किया गया। इस दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में रात्रि गश्त एवं नाइट ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों की सघन चेकिंग की गई।

रात्रि भ्रमण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कर्तव्य निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की प्रभावी चेकिंग सुनिश्चित करने, गश्त को और अधिक सक्रिय बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्याय ने भी पुलिसकर्मियों को रात्रि ड्यूटी के दौरान चौकसी बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रभावी नाइट पुलिसिंग से अपराधों पर नियंत्रण के साथ-साथ आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए रात्रि गश्त एवं चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेगा।