फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 दिसंबर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में आकांक्षात्मक विकास खंड राजेपुर एवं नवाबगंज के लिए निर्धारित इंडिकेटर्स की प्रगति की गहन समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान समीक्षा में पाया गया कि राजेपुर एवं नवाबगंज दोनों विकास खंडों में संस्थागत प्रसव की स्थिति स्टेट एवरेज से कम है। स्वास्थ्य विभाग के कुल 14 इंडिकेटर्स में भी दोनों ब्लॉक राज्य औसत से पीछे पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि जिन इंडिकेटर्स में प्रगति कम है, उनसे संबंधित अधिकारियों से कारण स्पष्ट कराया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों का अनिवार्य रूप से बीपी एवं शुगर की जांच कराई जाए। साथ ही खराब कार्य करने वाली एएनएम के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करते हुए उनका वेतन रोके जाने के निर्देश भी दिए गए।
समीक्षा में यह भी सामने आया कि एजुकेशनल इंडिकेटर्स में दोनों विकास खंड राज्य औसत से पीछे हैं। इसके अलावा राजेपुर विकास खंड में बीएसएनएल द्वारा भारत नेट की केबल न बिछाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और भारत सरकार को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, उप कृषि निदेशक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आकांक्षात्मक विकास खंडों की प्रगति में तेजी लाकर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय से आमजन तक पहुंचाया जाए।
