फर्रुखाबाद:सी.पी.वी.एन. में तीन दिवसीय अंतर विद्यालयीय रोबोटिक्स प्रतियोगिता 2025 का भव्य आयोजन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 दिसंबर 2025 सी.पी. विद्या निकेतन (सी.पी.वी.एन.) में तीन दिवसीय अंतर विद्यालयीय रोबोटिक्स प्रतियोगिता 2025 का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तकनीकी ज्ञान तथा नवाचार की भावना को विकसित करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. श्याम मिश्रा, प्रोफेसर, विद्या मंदिर डिग्री कॉलेज उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सी.पी. ग्रुप ऑफ स्कूल्स की निदेशिका श्रीमती मिथलेश अग्रवाल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्यालय प्रबंधक श्री सत्यप्रकाश अग्रवाल एवं श्रीमती रिचा रस्तोगी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने अपने हाथों से रोबोट का निर्माण किया, कोडिंग के माध्यम से उनका संचालन किया तथा विभिन्न तकनीकी चुनौतियों का समाधान प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

मुख्य अतिथि डॉ. श्याम मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में रोबोटिक्स तकनीक का उपयोग चिकित्सा, उद्योग, कृषि, रक्षा एवं घरेलू कार्यों सहित अनेक क्षेत्रों में व्यापक रूप से हो रहा है। विद्यालय स्तर पर रोबोटिक्स शिक्षा से छात्र भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होते हैं। ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक शिक्षा प्राप्त होती है और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है।

विद्यालय की निदेशिका श्रीमती मिथलेश अग्रवाल ने कहा कि विद्यालय का निरंतर प्रयास रहता है कि देश-विदेश में अपनाई जा रही नवीनतम तकनीकी शिक्षा को अपने संस्थान में भी उपलब्ध कराया जाए, जिससे विद्यार्थियों को आगे की शिक्षा एवं करियर में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। इस प्रकार के आयोजनों से छात्रों की रुचि विज्ञान एवं तकनीक के प्रति और अधिक बढ़ती है।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर अतिथियों द्वारा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री आर.के. बाजपेई ने प्रतिभागी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में सी.पी. विद्या निकेतन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री योगेश चंद्र तिवारी, सी.पी.वी.एन. के उप प्रधानाचार्य श्री दीपक कुमार जैना, श्री एस.के. बाजपेई सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।