फर्रुखाबाद:किसान दिवस में योजनाओं की जानकारी, समस्याओं पर हुई खुली चर्चा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 दिसंबर 2025 आज बुधवार को विकास भवन के सभागार में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कृषक बंधुओं ने सहभागिता की।

किसान दिवस में जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत, जिला उद्यान अधिकारी, सहायक निबंधक सहकारी समितियां, नगर पालिका परिषद, कृषि रक्षा अधिकारी, सिंचाई, गन्ना, इफको, खाद्य एवं विपणन, लघु सिंचाई, अग्रणी बैंक, यूपी ग्रामीण बैंक, जल निगम, मत्स्य विभाग, पीडब्ल्यूडी, पंचायत राज, कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला कृषि रक्षा अधिकारी द्वारा किसान दिवस में आए कृषक बंधुओं के स्वागत के साथ की गई। उन्होंने पिछले किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की जानकारी दी। इस अवसर पर बताया गया कि जनपद को 218 ग्राम पंचायत स्तरीय रबी गोष्ठी/किसान पाठशालाओं का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिन्हें 12 दिसंबर से 29 दिसंबर 2025 तक रोस्टर के अनुसार संचालित किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों में कृषि, उद्यान, गन्ना एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय सहयोग कर रहे हैं।

किसानों को कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा विकसित नेशनल पेस्ट सर्विलांस सिस्टम (NPSS) के बारे में जानकारी दी गई, जिसके माध्यम से किसान अपनी फसल का फोटो अपलोड कर कीट एवं रोग की पहचान और उसके प्रबंधन की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री नहीं हो पाई है, उन्हें कृषि विभाग कार्यालय अथवा नजदीकी जन सेवा केंद्र पर आधार, आधार लिंक मोबाइल नंबर एवं सत्यापित खतौनी के साथ पंजीकरण कराने की अपील की गई, ताकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ निरंतर मिलता रहे।

जिला उद्यान अधिकारी ने मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन, ग्रीन हाउस एवं पॉली हाउस जैसी योजनाओं की जानकारी दी और अधिक से अधिक किसानों से आवेदन करने का आह्वान किया।

किसान संगठनों के प्रतिनिधियों एवं कृषकों द्वारा माघ मेले के दौरान पंचाल घाट एवं ढाई घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मार्ग व्यवस्था दुरुस्त करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति एवं विद्युत बिल से जुड़ी समस्याओं को उठाया गया। किसानों ने बताया कि रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति न होने से सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है।

इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी विभाग में आने वाले किसानों एवं आगंतुकों के साथ शालीनता एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं का समयबद्ध व न्यायोचित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा अभद्र व्यवहार की शिकायत मिलने पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

किसान दिवस के माध्यम से किसानों की समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाने का प्रयास किया गया।