फर्रुखाबाद: सात दिनों में शुरू होगा रेलवे रोड का निर्माण, ईओ ने दिया आश्वासन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 दिसंबर 2025 नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी ने रेलवे रोड के निर्माण को लेकर व्यापारियों को एक बार फिर आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा है कि आगामी सात दिनों के भीतर रेलवे रोड के निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी जाएगी।

फेडरेशन ऑफ आल इंडिया व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मनोज मिश्रा ने मंगलवार को नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर रेलवे रोड का निर्माण लंबे समय से शुरू न होने पर नाराजगी व्यक्त की। श्री मिश्रा ने बताया कि रेलवे स्टेशन से फर्रुखाबाद चौक तक मुख्य मार्ग के विकास के लिए लगभग साढ़े तीन वर्ष पूर्व जिला प्रशासन द्वारा मॉडल रोड बनाए जाने का आश्वासन देकर दुकानों एवं प्रतिष्ठानों को हटाया गया था, लेकिन इतने वर्षों बाद भी सड़क का निर्माण नहीं हो सका।

उन्होंने अवगत कराया कि मजबूर होकर फेडरेशन ऑफ आल इंडिया व्यापार मंडल द्वारा 26 जुलाई 2025 को फर्रुखाबाद चौक में धरना दिया गया था। उस दौरान अधिशासी अधिकारी ने लिखित रूप से आश्वासन दिया था कि विद्युत विभाग द्वारा शिफ्टिंग कार्य पूर्ण होने के एक सप्ताह के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

व्यापार मंडल की निगरानी समिति द्वारा 15 दिसंबर 2025 को रेलवे रोड का स्थलीय निरीक्षण किया गया, जिसमें पाया गया कि विद्युत विभाग द्वारा विद्युत पोल एवं बंच केबिल शिफ्टिंग का कार्य पूर्ण कर दिया गया है। इसके उपरांत 16 दिसंबर 2025 को फेडरेशन ऑफ आल इंडिया व्यापार मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल अधिशासी अधिकारी से मिला और पूर्व में दिए गए लिखित आश्वासन के अनुसार रेलवे रोड को मॉडल रोड के रूप में शीघ्र निर्माण कराने की मांग रखी।

व्यापारियों ने कहा कि सड़क निर्माण में हो रही देरी के कारण उनका व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इस पर अधिशासी अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि सात दिनों के भीतर रेलवे रोड के निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी जाएगी, जिससे क्षेत्र के व्यापारियों को राहत मिल सकेगी।