फर्रुखाबाद:थाना अमृतपुर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला एवं बालिका जागरूकता अभियान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 दिसम्बर 2025 को थाना अमृतपुर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर जाकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सशक्त और जागरूक करने हेतु विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने उपस्थित महिलाओं एवं छात्राओं को उनके अधिकारों, महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों तथा अपराध से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्हें विपरीत परिस्थितियों में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में अवगत कराया गया।

पुलिस कर्मियों द्वारा 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) सहित अन्य उपयोगी नंबरों की जानकारी दी गई तथा इनका सही उपयोग समझाया गया। इसके अतिरिक्त बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने, आत्मविश्वास बनाए रखने और किसी भी प्रकार की समस्या को छुपाने के बजाय पुलिस व परिजनों से साझा करने के लिए प्रेरित किया गया।

थाना अमृतपुर पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना है। अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना की।