फर्रुखाबाद:आरक्षण लाभ वापसी व धर्म परिवर्तन की जांच पर जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 दिसम्बर 2025 माननीय उच्चतम न्यायालय एवं उच्च न्यायालय प्रयागराज के निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार को जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आरक्षण लाभ प्राप्त करने वाले व्यक्तियों के धर्म परिवर्तन से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए।

जिलाधिकारी ने बताया कि यदि आरक्षित वर्ग का कोई व्यक्ति अपना धर्म बदलता है, तो उसे आरक्षण का मिला लाभ वापस करना होगा, क्योंकि यह धोखाधड़ी एवं अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को ऐसे मामलों की चार माह के भीतर जांच कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समाज द्वारा स्वीकार्यता की भी होगी जांच

डीएम द्विवेदी ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति पुनः धर्म परिवर्तन करता है, तो जांच में यह भी देखा जाएगा कि क्या संबंधित समाज ने उसे स्वीकार किया है या नहीं। यह पहलू जांच की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगा।

ग्राम सभाओं में भी होंगी बैठकें

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि इस विषय पर प्रत्येक ग्राम सभा में जागरूकता बैठकें आयोजित की जाएं, ताकि आरक्षण लाभ, धर्म परिवर्तन व कानूनी प्रावधानों के बारे में लोगों को जानकारी मिल सके।

अघोषित धर्म परिवर्तन पर भी नजर

उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग बिना घोषित किए परिवर्तित धर्म का पालन करते हैं। ऐसे मामलों की गहन जांच करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं।

बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे तथा न्यायालय द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गई।